सिनगार ग्रन्थ का अवतरण सम्वत् १७४७ में पन्ना जी में हुआ । यह ग्रन्थ अक्षरातीत श्री राज जी के शृंगार पर बृहत् रूप से प्रकाश डालने वाला है ।
संसार के सभी ऋषि-मुनि तथा देवी-देवता जिस परब्रह्म को खोजते-खोजते हार गए और न मिलने पर शब्दातीत कहकर चुप हो गए, उन्हीं अक्षरातीत के स्वरूप की शोभा व शृंगार का इस ग्रन्थ में कई बार वर्णन किया गया है । तेज व प्रेम से सुशोभित पूर्ण ब्रह्म का नख से लेकर शिख तक विस्तृत वर्णन है, जिसे पढ़ने वाला धन्य-धन्य हो जाता है ।
अध्यात्म का यह सर्वेच्च ज्ञान अक्षर ब्रह्म की जागृत बुद्धि से भी परे है, तो संसार के ऋषि-मुनियों तथा त्रिदेव की तो कल्पना भी इस तक नहीं पहुँच सकती ।
सिनगार ग्रन्थ की वाणी ब्रह्मसृष्टियों (आत्माओं) के लिए मारिफत (परम सत्य) का द्वार खोलती है । इसके बिना धाम धनी अक्षरातीत के दिल में बैठकर उनके सागरों के गुह्य रहस्यों को नहीं जाना जा सकता । श्री राज जी के हृदय के जिन भेदों को परमधाम से लेकर आज तक जाना नहीं जा सका था, वह सब इस ग्रन्थ में निहित हैं ।
